वरिष्ठ कथाकार शीतेंद्र नाथ चौधरी को प्रथम शानी स्मृति कथा सम्मान

 

                                                                 “जिस शहर का अपना इतिहास नहीं होता, उसकी अपनी कोई संस्कृति नहीं होती”

बिलासपुर में रविवार 10 नवंबर को जनवादी लेखक संघ के द्वितीय राज्य अधिवेशन में वरिष्ठ कथाकार शीतेंद्र नाथ चौधरी को प्रथम शानी स्मृति कथा सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर चौधरी ने साहित्यकार शानी को याद करते हुए कहा कि भारतीय साहित्य में गुलशेर खां शानी को जितना स्थान मिलना चाहिए था, वो नहीं मिला।

अधिवेशन के विशेष सत्र में “शानी का रचना संसार” विषय पर मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित साहित्यकार-पत्रकार फ़ीरोज़ शानी ने अपने पिता की रचनाओं पर कहा कि उनका पैशन था लिखना। उनका कहना था कि उनका लेखन जनता के लिए है। वे कभी किसी संगठन से नहीं जुड़े क्योंकि उनका मानना था कि या तो संगठन लेखक को निगल जाता है या फिर लेखक संगठन से प्रभावित होकर लेखन करने लगता है जो दोनों के हित में नहीं होता। शानी जी के जीवन में जो व्यथा थी वो उनके साहित्य में दिखाई देती है।

स्वागत उद्बोधन में संघ के अध्यक्ष कथाकार खुर्शीद हयात ने कहा कि जिस शहर का अपना इतिहास नहीं होता, उसकी अपनी कोई संस्कृति नहीं होती। इस शहर को जगन्नाथ भानु, श्रीकांत वर्मा, शंकर शेष, सत्यदेव दुबे ने पहचान दी है। यही कारण है कि बिलासपुर शहर को साहित्य कि राजधानी कहने मे खुशी होती है। कार्यक्रम के अध्यक्ष भोपाल से आए साहित्यकार रामप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि समय कठिन से कठिन होता जाता है, बल्कि समय और कठिन हो रहा है। पहले लोगों में यह भाव था कि हमे एक मौका दें, लेकिन आज मुहावरा बदला है। आज कि तारीख मे अब उलट हो गया है। हर नई चीज के स्वागत करने का ज़माना चला गया।

जगदलपुर से पहुंचे साहित्यकार विजय सिंह ने शानी जी के साथ बिताए अपने आत्मीय पलों को याद किया। बस्तर और जगदलपुर में बिताए दिनों कि चर्चा करते हुए उनकी कहानी “बारात” पर बात की। उन्होंने कहा कि बीहड़ बस्तर से शानी जी ने साहित्य का सृजन किया और आज भी उनके समग्र साहित्य पर बात करने की जरूरत है। उनकी बहुत सी विधाओं पर विमर्श शेष है।

इस मौके पर साहित्यकार शाकिर अली ने कहा कि शानी जी ने ईमानदार साहित्य लेखन करते हुए जीवन बिताया। उन्होंने उनकी कविता का वाचन किया और सफर नामक कहानी का ज़िक्र किया, जिसमें भारतीय समाज की चिंता है। आभार प्रदर्शन संघ के अध्यक्ष कपूर वासनिक ने किया। इस मौके पर संघ के दिवंगत सदस्य त्रिजुगी कौशिक, डॉ. लाखन सिंह व एस. कुमार को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह व अजय चंद्रवंशी ने किया। कार्यक्रम में नंद कश्यप, महेश श्रीवास, नीलोत्पल शुक्ला, प्रथमेश मिश्रा, सविता प्रथमेश, रौशनी बंजारे, असीम तिवारी, शारदा आदिले, अनुज श्रीवास्तव, प्रियंका शुक्ला, प्रतीक वासनिक, डॉ नथमल झँवर, गणेश कछवाहा आदि उपस्थित थे।

 

Leave a Comment

Please note: Comment moderation is enabled and may delay your comment. There is no need to resubmit your comment.